होली जलने के 24 घंटे बाद खेला जाएगा रंग

होली जलने के 24 घंटे बाद खेला जाएगा रंग
होलिका दहन 6-7 को धुरेंडी 8 को मनेगी
उज्जैन। होलिका दहन 6 और 7 मार्च की दरमियानी रात में होगा। ऐसा इसलिए क्योंकि पूर्णिमा तिथि इन दोनों दिन रहेगी। उज्जैन के महाकालेश्वर में 6-7 मार्च की दरमियानी रात को होलिका दहन होगा। धुरेंडी यानी रंग खेलने का दिन पूरे देश में 8 मार्च ही होगा। देश के ज्यादातर राज्यों में होली जलने के 24 घंटे बाद ही रंग खेला जाएगा।
फाल्गुन महीने की पूर्णिमा पर होली जलती है और अगले दिन रंग लगाकर त्योहार मनाते हैं, लेकिन इस बार पूर्णिमा तिथि दो दिन तक रहेगी। इसलिए कन्फ्यूजन हुआ है। साथ ही अशुभ भद्रा काल भी रहेगा। इसी कारण किसी पंचांग में होलिका दहन 6 तो किसी में 7 मार्च को बताया है।
ज्योतिषाचार्यो के मुताबिक पूर्णिमा 6 मार्च की शाम तकरीबन साढ़े 4 बजे शुरू होगी और 7 की शाम लगभग 6.10 तक रहेगी। भद्रा 6 मार्च की शाम 4.18 से 7 मार्च की सुबह सूर्योदय तक रहेगी। इसमें भद्रा का पुच्छ काल 6 और 7 मार्च की दरमियानी रात 12.40 से 2 बजे तक रहेगा।
होलिका दहन 6 और 7 मार्च के बीच की रात 12.40 से 2 बजे के बीच करना शुभ रहेगा, क्योंकि 7 मार्च की शाम को पूर्णिमा तिथि 6.10 तक ही रहेगी। चूंकि होलिका दहन सूर्यास्त के बाद किया जाता है और इस दिन पूर्णिमा सूर्यास्त से पहले ही खत्म हो जाएगी।
देश के अनेक हिस्सों में 6 और 7 की दरमियानी रात को होली जलाई जाएगी। गुजरात, दिल्ली, पटना और हिमाचल में 7 की शाम को होलिका दहन होगा। वहीं, देशभर में धुरेंडी यानी रंग वाली होली 8 मार्च को मनेगी।
Comments
Post a Comment